पाकिस्तानी एजेंट को गोपनीय सूचनाएं उपलब्ध कराता था झुंझुनू का विकास
पाकिस्तान के लिए जासूसी - राजस्थान से दो युवक गिरफ्तार किए गए, दुश्मन तक पहुंचा रहे थे सेना के हथियारों की जानकारी
जयपुर - पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में बीकानेर और झुंझुनू से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करते थे। इन दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए आर्मी, यूपी एटीएस और राजस्थान पुलिस ने ऑपरेशन चलाया था, जिसे ऑपरेशन 'डेजर्ट चेज' का नाम दिया गया था। राजस्थान पुलिस इंटेलिजेंस के एडिश्नल डायरेक्टर जनरल उमेश मिश्रा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है । पकड़े गए दो युवकों के नाम विकास और चिमन लाल है। अब तक की जांच में पता चला है कि झुंझुनू जिले के रहने वाला युवक ओरबेट यानी ऑर्डर ऑफ बेटल, कंपोजिशन एंड ऑर्डर ऑफ मिलिट्री फाइटिंग फॉर्मेशन, गोला-बारूद की फोटो और उससे जुड़ी जानकारी पाकिस्तान पहुंचाता था। जो बीकानेर में सेना की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पानी के टैंकर की सप्लाई करने वाले व्यक्ति से जानकारी प्राप्त करता था। इसी दौरान वह वहां की तस्वीरें लेता था और पाकिस्तान में अपने हैंडलर को देता था। जासूसी के एवज में विकास को पैसा मिलता था। लेकिन, किसी को शक न हो इसके लिए वह अपने भाई के अकाउंट में पैसा मंगाता था। उसके भाई से भी पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि उक्त युवक के पिता सेना में रह चुके हैं। जो अब रिटायर्ड हैं।

No comments:
Post a Comment