Monday, June 22, 2020

विशेष जन जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
झुंझुनू, 22 जून। जिले में कोरोना वायरस की स्थिति के संबंध में प्रारम्भ हुए विशेष जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला स्तर पर जिले के प्रभारी मंत्री परसादीलाल मीणा के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद नरेन्द्र कुमार, उदयपुरवाटी विधायक राजेन्द्र गुढा, पिलानी विधायक जे.पी. चंदेलिया, सूरजगढ़ विधायक सुभाष पूनिया, प्रभारी सचिव समित शर्मा, जिला कलेक्टर उमर दीन खान, पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र शर्मा, सीईओ रामनिवास जाट, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, राजकीय अधिकारी, कर्मचारी, आमजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने सभी अतिथियों के साथ कलेक्टे्रट परिसर में कोविड 19 की रोकथाम के संबंध में लगाए गए स्काई बैलून को छोडकर इसे स्थापित करवाया। पीले कलर के इस बडे बैलून पर कोरोना वायरस की रोकथाम की एडवायजरी अंकित की गई है, जो दूर से ही लोगाें को आसानी से दिखाई देगी।
 समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार ने लॉक डाउन को समाप्त किया है परन्तु कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए आमजन सतर्क रहे और अपने तथा अपने परिवार के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें। जिस प्रकार लॉक डाउन में जिलेवासियों ने धैर्य रखा और इस महामारी से लडने में सरकार की मदद की उसी प्रकार अभी भी यह निरंतर जारी रखे और बिना कार्य के घर से बाहर नहीं निकले और सरकार की एडवायजरी की पूर्ण पालना करें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना के संबंध में राजस्थान मॉडल प्रदेश बन चुका है। पहले जहां सैम्पलिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी उस प्रदेश की सरकार प्रतिदिन 40 हजार कोरोना सैम्पलिंग की कैपिसिटी वाला प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भूखा नहीं सोए इसके लिए सरकार 100 करोड रूपये खर्च कर योजना तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने पिछले तीन माह में जिला कलेक्टर उमर दीन खान के नेतृत्व में बेहतरीन एवं सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 51 हजार प्रवासी आने के बाद भी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और जरूरतमंद श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाने की कार्य योजना तैयार की जा रही है।

No comments:

Post a Comment