बेवफाई करने पर पेट्रोल डालकर प्रेमिका को जलाया, पड़ौसी को फंसाने के लिए लिखा डाला सुसाइड नोट
सीकर ( प्रदीप सैनी, दांता ) पाटन थाना इलाके के नाथा की नांगल गांव में शुक्रवार रात को घर सो रही युवती को जलाकर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में मृतका सुनिता की बेवफाई को हत्या की वजह बताया है। मामले में एएसपी दिनेश अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि आरोपी बाकेश व युवती के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नीमकाथाना जाते समय प्रेम संबंध हो गया था। जो युवती के एसएससी में चयन होने के बाद टूट गया। इसी से नाराज होकर उसने योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी। प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के ही परिजनों को नहीं थी।
*यूं दिया घटना को अंजाम* आरोपी बाकेश ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह सुबह मावण्डा से खाली पीपी खरीदकर उसमें 4 लीटर पैट्रोल और एल्ड्रिन खरीदकर घर लाया। इसके बाद एक मंदिर पर एल्ड्रिन रखकर रात करीब 11 बजे वह पेट्रोल एक बाल्टी में लेकर पीडि़ता के घर पहुंच गया। जहां पैट्रोल उड़ेलकर उसने रास्ते में बनाई एक मशाल से उसके आग लगा दी। इसके बाद मंदिर में आकर एल्ड्रिन पीने के बाद वह अपने चाचा के घर पहुंच गया। जहां से वह उसे पहले उसके घर और फिर परिजनों के साथ अस्पताल ले गए।
*पड़ौसी को फंसाने की योजना* बाकेश के परिवार का पड़ौसी से जमीनी विवाद चल रहा था। ऐसे में उसने उसे भी फंसाने की कोशिश की। उसने घटना से पहले मोबाइल पर सुसाइड नोट लिखकर अपने दोस्तों को मैसेज किया। जिसमें पड़ौसी की वजह से आत्म हत्या करना बताया। लेकिन, उसकी योजना सफल नहीं हो पाई। पाटन थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि दोनों के परिजनों को ही उनके प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी। एफएसएल टीम द्वारा मौके से लिए गए साक्ष्यों व मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर बाकेश के दोस्तों से पूछताछ की गई। अस्पताल में भर्ती बाकेश को पीडि़ता की मौत होने की जानकारी नहीं देकर उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई जिसमें उसने टूटकर सारी बातें बता दी। फिलहाल स्वस्थ होने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

No comments:
Post a Comment